साइबर जागरूकता माह को लेकर पुलिस ने कसी कमर


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

डीआईजी ने साइबर नोडल अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश, 1930 पर तत्काल शिकायत की अपील

मऊ। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र, आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के साथ जिले के सभी थानों पर नियुक्त साइबर नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में साइबर जागरूकता माह अक्टूबर के दौरान आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान साइबर अपराध से बचाव और जन-जागरूकता के लिए तैयार की गई साइबर जागरूकता बुकलेट, टेम्पलेट और कॉमिक्स भी साइबर नोडल अधिकारियों को वितरित की गईं।

डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जागरूकता सामग्री के माध्यम से थाना क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और मैसेज, ओटीपी व पिन साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी जाए।

इसके लिए स्कूल-कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थानों समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेगी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें