धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
उद्योग संबंधी ऋण आवेदन लंबित रखने पर बैंक प्रबंधकों पर होगी कार्रवाई : सीडीओ
मऊ। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक हुई। बैठक में उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और औद्योगिक विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप ने गत बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी। उद्यमियों ने पिछली बैठकों की कार्यवृत्त सभी सदस्यों को उपलब्ध कराने की मांग की।
औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना के मामले में सीडीओ ने यूपीसीडा को कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। बजट मिलते ही आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा परिसर की मुख्य सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग ब्रिक्स लगाने का कार्य बरसात के बाद अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश नगर पालिका को दिए।
21,209 आवेदनों में 15 विभागीय स्तर पर लंबित
निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा में बताया गया कि विभिन्न विभागों को 21,209 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 16,034 का निस्तारण हो चुका है, जबकि 15 आवेदन विभागीय स्तर और 4,035 आवेदन लाभार्थी स्तर पर लंबित हैं। सीडीओ ने विभागीय स्तर के लंबित आवेदनों का समय से निस्तारण करने को कहा।
निवेश प्रस्तावों की समीक्षा में बताया गया कि 160 इंटेंट के एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। इनमें ₹7,523.69 करोड़ के पूंजी निवेश और 24,288 रोजगार सृजन का प्रस्ताव है। 64 प्रस्तावों में करीब ₹1,031 करोड़ का निवेश धरातल पर आ चुका है, जबकि 60 प्रस्तावों में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो गया है।
बैंक स्तर पर आवेदन लंबित मिले तो होगी कार्रवाई
सीडीओ ने सभी बैंकर्स को उद्योग संबंधी ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उद्योग संबंधी किसी भी ऋण आवेदन को बैंक स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। ऐसा मामला सामने आने पर संबंधित बैंक प्रबंधक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने वलिदपुर बाजार में बैंक शाखा खोलने, मोहम्मदाबाद गोहना से नदवासराय बाजार तक जर्जर सड़क की मरम्मत तथा नदवासराय बाजार में जल निकासी की समस्या के समाधान की मांग रखी। बैठक में लीड बैंक मैनेजर, सहायक श्रमायुक्त, बैंकर्स, उद्यमी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
