धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बुधवार को मऊ के टाउन हॉल में भावनात्मक और आत्मीय माहौल देखने को मिला। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को स्वच्छताकर्मी महिलाओं ने राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को स्नेह और विश्वास के साथ मजबूत किया। स्वच्छताकर्मी बहनों ने मंत्री के प्रति अपना स्नेह और विश्वास जताते हुए उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वच्छताकर्मी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छताकर्मी शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके परिश्रम, सेवा और समर्पण का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्वच्छताकर्मी महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में वह उनके साथ खड़े हैं और हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है।
‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प में अहम भूमिका
मंत्री ने कहा कि स्वच्छताकर्मियों की मेहनत से शहर स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर बनते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छ एवं सुंदर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को धरातल पर उतारने में स्वच्छताकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छताकर्मी बहनों द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर राखी बांधना उनके लिए आत्मीय और भावुक क्षण है। उन्होंने सभी स्वच्छताकर्मी बहनों के सुख, समृद्धि, स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में स्वच्छताकर्मी महिलाओं ने मंत्री को राखी बांधकर उनके प्रति आभार जताया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
