नलकूप पर सोने गए युवक का सड़क किनारे मिला शव, गांव में शोक की लहर
- मामला हलधरपुर थाना के गहनी गांव का
- पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा मौत का कारण,जांच में जुटी पुलिस-फोरेंसिक टीम
रतनपुरा,मऊ।जनपद मऊ अंतर्गत हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहनी ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव गहनी-गहना मार्ग के किनारे मिलने से पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान बलवंत सिंह पुत्र प्रदीप सिंह उर्फ लालचंद सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बलवंत सिंह सोमवार रात भोजन के बाद घर से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित अपने नलकूप पर सोने गए थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे जब कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे तो उनकी नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत सूचना मृतक के पिता प्रदीप सिंह को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। जवान बेटे का पार्थिव शरीर देखकर पिता प्रदीप सिंह बेहोश हो गए। मृतक की मां माधुरी सिंह उस समय गोंडा गई हुई थीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह भी आनन-फानन में घर पहुंचीं। घर का माहौल गमगीन हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर जुट गए।
घटना की सूचना पर हलधरपुर थाना प्रभारी श्री भगवान राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय मऊ भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक बलवंत सिंह अविवाहित थे और दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई रोजगार के सिलसिले में राजस्थान में रहते हैं। इस घटना के बाद गहनी गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
- मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत
रतनपुरा मऊ । हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहनी ग्राम पंचायत क्षेत्र में बलवंत सिंह 30 वर्ष पुत्र प्रदीप सिंह की सड़क के किनारे मिले शव की सूचना पर पुलिस प्रशासन काफी सक्रिय नजर आया। क्षेत्राधिकारी मधुबन और एडिशनल एस पी मऊ ने थाने पर पहुंच कर गहन जांच पड़ताल व पूछताछ की। मृतक के पिता प्रदीप सिंह ने घटना के संबंध में अज्ञात के खिलाफ लिखित तहरीर दी है,पिता की तहरीर पर पुलिस ने वांक्षित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
