दो गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कोपागंज (मऊ)। थाना कोपागंज पुलिस ने मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो स्क्वायड के तहत रविवार को ग्राम सरवा और धवरियासाथ में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक कोपागंज के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं में आत्महत्या की प्रवृत्ति और दहेज हत्या जैसी घटनाओं में कमी लाना तथा उनके प्रति होने वाली हिंसा, उत्पीड़न और अभद्रता के मामलों को रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान अविवाहित छात्राओं और युवतियों से संवाद कर उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस से तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
सम्मेलन में महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ ही मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
उपनिरीक्षक प्रियंका सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न या अन्य अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं की मदद लें।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सहायिकाएं, आशा बहुएं तथा दोनों गांवों की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
