

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पड़री मेहदिया टोला मुंडेरा में गुरुवार रात करीब 10 बजे जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक पुत्र द्वारा अपनी पत्नी व सहयोगियों के साथ मिलकर अपने वृद्ध पिता की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार में पहले ही बंटवारा हो चुका है। वृद्ध पिता अपने छोटे पुत्र के साथ रहते हैं, जबकि छोटा पुत्र वर्तमान में रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर गया हुआ है। इसी दौरान कथित रूप से बड़े पुत्र अंगद ने अपनी पत्नी व सहयोगियों के साथ मिलकर वृद्ध पिता पर प्राण घातक हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को मूर्छित अवस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा भेजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में काफी चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष का मुकदमा पंजीकृत नहीं किया जा सका है तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्यवाही करने की बात कही जा रही है।
