कृष्ण बिहारी राय ने किया दीप प्रज्ज्वलित, बोले- समाजसेवा के प्रति समर्पण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि
भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव निवासी समाजसेवी एवं भाजपा कार्यकर्ता स्व. मारकंडेय राय की छठवीं पुण्यतिथि शनिवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने स्व. राय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर स्व. मारकंडेय राय के पुत्र पप्पू राय ने अतिथियों को फूल-माला पहनाकर तथा रामचरितमानस की प्रति भेंट कर सम्मानित किया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि स्व. मारकंडेय राय सरल स्वभाव, निष्काम समाजसेवा और पार्टी के प्रति समर्पण रखने वाले कर्मठ कार्यकर्ता थे। उन्होंने आजीवन संगठन की मजबूती और पार्टी के उत्थान के लिए कार्य किया। उनके पुत्र पप्पू राय भी पिता के संस्कारों और सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके आदर्शों पर चलकर समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान विद्यासागर गिरी तथा संचालन राजेंद्र राय ने किया। इस मौके पर श्यामराज तिवारी, रवींद्र राय, जयप्रकाश राय, शशिधर राय, विनोद राय, नारायण उपाध्याय, दिनेश चौधरी, शशांक राय, कृष्णानंद राय, जेपी राय, विनोद राय गुड्डू, उदय प्रताप सिंह, विमलेश राय, राजेश मिश्रा, सुरेंद्र राय और राकेश राय सहित अनेक लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में पप्पू राय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
