बहादुरगंज (गाजीपुर)। संविधान दिवस के अवसर पर ग्राम सभा सिऊराँ भरटोली में संविधान की महत्ता, उसके मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान महिलाओं ने संविधान की शपथ लेते हुए उसके आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मीरा देवी ने कहा कि संविधान हमारा कवच-कुंडल है। यह हमें सुरक्षा, समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान के माध्यम से समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलता है। हमें संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए।
वहीं सौहार्द साथी एवं सामाजिक कार्यकर्ता जफर अकील ने कहा कि संविधान हम सबको सम्मान देता है। संविधान महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि हम सभी के जीवन की रूपरेखा है। यह हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही अपने कर्तव्यों के निर्वहन की ताकत भी देता है। संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता के सिद्धांत एक बेहतर समाज के निर्माण का आधार हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान को केवल पढ़ना या उसके बारे में जानकारी रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे जानना, मानना और अपने व्यवहार एवं जीवन में उतारना भी जरूरी है। आज के दौर में संविधान को आत्मसात और अंगीकृत करना समय की मांग है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति संवैधानिक मूल्यों को अपनाएगा, तभी एक मजबूत, समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव होगा।
गोष्ठी में उपस्थित महिलाओं ने संविधान की महत्ता को स्वीकार करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को संविधान के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग करना रहा। कार्यक्रम का संचालन शशिकला और अध्यक्षता झुनिया देवी ने की। इस अवसर पर देवंती देवी, ममता राजभर,सबिता राजभर, तेतरी देवी, रुदली देवी, सुनीता राजभर, बेइली देवी, निर्मला राजभर, प्रियंका राजभर, मुखिया देवी विमली देवी, सुगिया देवी, दुलरी देवी के अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
