देव दीपावली और गुरुनानक जयंती पर भक्ति और उल्लास का रहा माहौल, कुंडेसर में शुरू हुआ दो दिवसीय ददरी मेला


भांवरकोल/गाजीपुर।कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। देव दीपावली और गुरुनानक जयंती के पर्व पर भोर से ही क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शेरपुर, सेमरा, वीरपुर, पलिया और कोटवां स्थित गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान घाटों पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्तिक पूर्णिमा के साथ देव दीपावली का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण क्षेत्र के विभिन्न देवालयों में भी श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। शाम होते ही मंदिरों और गंगा घाटों पर दीपों की जगमगाती रोशनी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय और प्रकाशमय बना दिया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था, तभी से कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाने की परंपरा प्रचलित है।

उधर, कुंडेसर गांव में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले अतिप्राचीन दो दिवसीय ददरी मेले का भी शुभारंभ हुआ। मेले में आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे पहुंचे। मेले में मिठाइयों, खिलौनों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर खूब भीड़ रही। बच्चों ने चरखी, टोरटोरा और कठघोड़वा जैसे पारंपरिक झूलों का आनंद उठाया। वहीं जलेबी, गुड़ की खझुली, लकठा और मूंगफली जैसी पारंपरिक मिठाइयों की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। मेले ने ग्रामीण संस्कृति और आपसी मेल-मिलाप की पुरानी परंपरा को जीवंत कर दिया।

मेले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय तथा चौकी प्रभारी मच्छटी श्याम सिंह पुलिस बल के साथ लगातार भ्रमण और गश्त करते रहे। रात्रि में सुरक्षा की दृष्टि से सशस्त्र पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। वहीं ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह पप्पू, देवेन्द्र प्रताप सिंह, विनय कुमार सिंह, अशोक सिंह सहित अन्य स्थानीय लोग मेले में प्रकाश, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय रूप से जुटे रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें