भांवरकोल। बीती रात थाना क्षेत्र के रसूलपुर के पास पुलिस एवं तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में पंजाब प्रान्त के शातिर गौतस्कर के पैर में गोली लगी। इस दौरान दो डीसीएम से कुल 18 गोवंश सहित दो अन्य तस्करों को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि भांवरकोल थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय मय टीम रात्रि गश्त थाना क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी बीच जरिये मुखबिर सूचना मिली कि एक संदिग्ध डीसीएम गाड़ी जिसमे गोवंश लदे हो सकते हैं पंजाब प्रान्त की फखनपुरा होते हुए बिहार की तरफ जा रही है। सूचना को सही मानते हुए हाईवे के गाजीपुर भरौली मार्ग ग्राम रसूलपुर भरौली मार्ग पर घेराबंदी करते हुए डीसीएम गाड़ी से 9 गोवंश बरामद कर चालक को हिरासत मे लेकर कड़ाई से पूछताछ किया गया। पूछताछ के दौरान चालक द्वारा एक और डीसीएम गाड़ी होना बताया गया जिसमें अन्य नौ गोवंश लदे हुए हैं जिन्हे हम पंजाब से लादकर बिहार ले जा रहे है। इसी बीच अन्य एक अन्य डीसीएम आते हुए दिखायी देने पर ज़ब उसे रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से निशाना लगाकर फायर किया जाने लगा। पुलिस टीम द्वारा आत्मराक्षार्थ में संतुलित फायरिंग की गयी तो एक बदमाश के बाये पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया । जिसे तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सीएचसी मुहम्मदाबाद भेजा गया व एक बदमाश को मौके गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार घायल गोतस्कर सुखदीप कुमार वाडऀ नं0 8 हिम्मत नगर, थाना समराला का रहने वाला है इसकी तलाशी लेने पर इसके पास से 315 बोर का तमंचा एक जिंदा एवं एक खाली कारतूस बरामद किया गया। जबकि दो अन्य तस्कर दर्शन सिंह निवासी चौकीमान, थाना सदर जंगरोन लुधियाना एवं पवन कुमार गांव बलियोंन थाना समराला लुधियाना के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है । पूछताछ के दौरान बदमाशों द्वारा बताया गया कि वह पंजाब प्रान्त से गोवंश लादकर बिहार बेचने लेकर जा रहे थे । मुठभेड़ टीम/गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भावरकोल राजीव कुमार पाण्डेय मय टीम, चौकी इंचार्ज शेरपुर विपिन कुमार सिंह मय हमराही शामिल रहे।
पुलिस से हुई मुठभेड़ में पंजाब का शातिर गो-तस्कर गोली लगने से घायल, कुल 3 अभियुक्त गिरफ्तार
