सेवराई। क्षेत्र के गहमर गांव निवासी एव एक हिंदी दैनिक अखबार के पत्रकार सत्या उपाध्याय के बड़े पिता एवं बिहार मिलिट्री पुलिस के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक वीरेंद्र नाथ उपाध्याय का सोमवार की देर शाम निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों एवं परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
वीरेंद्र नाथ उपाध्याय बिहार मिलिट्री पुलिस में उपनिरीक्षक के पद पर रहते हुए लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। सेवानिवृत्ति के बाद वे पारिवारिक जीवन व्यतीत कर रहे थे। उनके निधन से परिवार ने अपना एक अभिभावक और मार्गदर्शक खो दिया है।
उनका अंतिम संस्कार बिहार के बक्सर में पूरे पारिवारिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान परिजनों एवं शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके बड़े पुत्र गजेंद्र उपाध्याय ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
उनके निधन पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
