दिलदारनगर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के रानीसागर स्थित गोरिया बाबा के स्थान पर विराट कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों के साथ ही जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेच का शानदार प्रदर्शन किया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे।
दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह ने उदयवीर पहलवान करमपुर और विक्रम यादव फिरोजाबाद के बीच तीन लाख रुपये की इनामी कुश्ती का हाथ मिलवाकर कराया। दोनों पहलवानों के बीच काफी देर तक जोरदार मुकाबला चला, लेकिन अंत तक कोई भी दूसरे को चित नहीं कर सका और कुश्ती बराबरी पर समाप्त हुई। वहीं 51 हजार रुपये की इनामी कुश्ती भी बराबरी पर छूटी। इसके अलावा आठ-आठ हजार रुपये की कुश्ती में राजन यादव दिलदारनगर और अभिषेक यादव नई बाजार ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर जीत हासिल की।
इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सिंह को गदा, अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गायक अजय यादव ने किया। अंत में समिति के सदस्यों ने अतिथियों एवं दंगल देखने पहुंचे दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर महिला जिला सपा अध्यक्ष संगीता साहू, गायक अजय यादव, जमानिया ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य आकाश यादव, डॉ. विकास यादव, आशीष यादव, ग्राम प्रधान सत्येंद्र यादव, उर्मिलेश पांडेय, एहसान अहमद, मनोज यादव, रोहित यादव, अनुराग यादव, कल्लू यादव, अभिषेक यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
