सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, गाज़ीपुर में हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन


बाराचंवर। सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, गाज़ीपुर में प्रार्थना सभा के उपरांत विद्यार्थियों के भाषाई कौशल, तार्किक क्षमता एवं अभिव्यक्ति को विकसित करने के उद्देश्य से हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में विभिन्न विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के प्रबंध निदेशक प्रोफेसर सानंद सिंह ने किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रोफेसर सानंद सिंह ने कहा कि‌ भाषा और गणित किसी भी विद्यार्थी के बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास के दो महत्वपूर्ण आधार हैं।यदि विद्यार्थी इन दोनों विषयों पर प्रारंभिक स्तर से ही मजबूत पकड़ बना लेते हैं, तो उनमें तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। यही गुण उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में सहायक बनते हैं।

उन्होंने कहा कि केवल भाषा का ज्ञान प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि भाषा को शुद्ध, स्पष्ट, प्रभावशाली एवं परिष्कृत रूप में लिखना और बोलना भी आवश्यक है। वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में अपने विचारों को तर्कपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करने, दूसरों के विचारों को समझने तथा मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करती हैं।

प्रोफेसर सिंह ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे मन लगाकर पढ़ें, मन लगाकर लिखें और मन लगाकर खेलें। शिक्षा, लेखन और खेलकूद के प्रति समर्पण ही उनके सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगा।

उन्होंने कहा कि सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, गाज़ीपुर प्राथमिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट स्तर तक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सीबीएसई पाठ्यक्रम के अंतर्गत निरंतर आगे बढ़ रहा है। विद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी, अनुशासित, तार्किक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रसेन तिवारी, प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह तथा सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक एवं रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके व्यक्तित्व को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें