सेवराई (गाजीपुर)। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को थाना क्षेत्र के तलिया टोला, पकड़ीतर पड़री और परसा राय क्षेत्र में जुआ खेलने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही नकदी ₹4,220 और ताश के आठ बंडल बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त आरोपियों की जामा तलाशी में ₹1,200 की धनराशि भी मिली।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जुआ खेलने की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से नौ आरोपियों को पकड़कर उनके पास से जुआ फड़ की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा सिंह, नीरज कुमार सिंह, प्रतीक कुमार, संतोष यादव, विकास सिंह, सागर उर्फ शिवशंकर राजभर, कृष्णा राम, संदीप कुमार और शिवम सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी गहमर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मु0अ0सं0 227/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में कार्रवाई की है।
प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी का बयान…
प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जुआ खेलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से ₹4,220 नकद और ताश के आठ बंडल बरामद हुए हैं। आरोपियों की जामा तलाशी में मिली ₹1,200 की धनराशि अलग रखी गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम…..
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक चक्रवर्ती प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल आकाश यादव, रंजीत कुमार सिंह, अविनाश गिरी और अरविन्द कुमार यादव शामिल रहे।
