सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के सतरामगंज बाजार में शुक्रवार को दो उचक्कों ने एक बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर उनके कान के सोने के टप और तीन हजार रुपये नकद से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दिलदारनगर निवासी पार्वती देवी (70), पत्नी रमाशंकर गुप्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में इलाज कराने आई थीं। आरोप है कि इसी दौरान दो अज्ञात उचक्कों ने उनसे रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की और गलत दिशा बताकर उन्हें भ्रमित कर दिया। इसके बाद दोनों उन्हें मस्जिद के पास स्थित एक मकान की वेदी पर बैठाकर कान में पहने सोने के टप उतारकर बैग में रखने की सलाह देने लगे।
उचक्कों की बातों में आकर महिला ने अपने दोनों कानों के सोने के टप उतारकर बैग में रख दिए। बैग में पहले से ही तीन हजार रुपये नकद और घर की चाबियां रखी थीं। इसी दौरान दोनों उचक्के बैग लेकर मौके से फरार हो गए। अपने साथ हुई ठगी का एहसास होने पर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी गहमर स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता से जानकारी लेकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।
इस संबंध में गहमर थाना निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
