लंबित मांगों को लेकर लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र


सेवराई (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर तहसील सेवराई के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित पत्र उपजिलाधिकारी सेवराई के माध्यम से भेजा है। संघ ने वर्षों से लंबित मांगों पर शासन स्तर से गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

संघ ने पत्र में कहा है कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और लगातार बढ़ते कार्यभार के बीच सीमित संसाधनों में विभिन्न शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। राजस्व अभिलेखों के अद्यतन, विरासत, नामांतरण, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन, किसान हित से जुड़े कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित कार्यों में लेखपालों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

पत्र में संघ ने प्रारंभिक वेतनमान 2800 ग्रेड पे किए जाने तथा वेतन विसंगति दूर किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया है। संघ के अनुसार यह मांग लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित है और इसके संबंध में पूर्व में भी पत्राचार किया जा चुका है।

संघ ने अपने पत्र में आशापत्र संख्या 5829/4-33/2013 टीसीसी (1), दिनांक 13 नवंबर 2017 का उल्लेख करते हुए 2800 ग्रेड पे एवं वेतन विसंगति दूर किए जाने के संबंध में पूर्व में किए गए पत्राचार की ओर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। इसके साथ ही बढ़ते कार्यभार, अतिरिक्त दायित्व तथा अवकाश के दिनों में भी ड्यूटी जैसी समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है।

लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक निर्णय लेने और वर्षों से लंबित मांगों का शीघ्र निस्तारण कराने की अपील की है। संघ का कहना है कि मांगों के समाधान से लेखपाल संवर्ग को राहत मिलेगी और वे अपने शासकीय दायित्वों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें