सेवराई। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ तहसील सेवराई के पदाधिकारियों ने लेखपाल संवर्ग की न्यायोचित मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की सूचना दी है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी सेवराई को संबोधित पत्र तहसीलदार सेवराई को सौंपा गया।
संघ की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश तथा पूर्व में दिए गए ज्ञापन के बावजूद शासन एवं परिषद स्तर से मांगों के संबंध में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन का निर्णय लिया गया है। प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 03 अक्टूबर 2026 से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाना प्रस्तावित है।
पत्र में बताया गया कि लेखपाल संघ की मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर संगठन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में तहसील स्तर पर भी आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाया जाएगा। संघ ने प्रशासन को इसकी जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार,श्याम सुंदर,चंद्रशेखर भारती ,छोटेलाल,सुनील भारती,वरिष्ठ लेखपाल उमा शंकर श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
