सेवराई (गाजीपुर)। दो अक्टूबर गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के संकल्प “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार की सुबह जमानियां विधानसभा के मंडल भदौरा में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
गहमर स्थित गंगा नरवा घाट पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह सिकरवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने साफ-सफाई की। इस दौरान जमानियां की पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने भी घाट पर पहुंचकर झाड़ू लगाई और स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।
*पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा – स्वच्छता ही सच्ची श्रद्धांजलि…
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को सबसे बड़ा धर्म बताया था, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने “जय जवान-जय किसान” के मंत्र से देश को आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाया। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। स्वच्छता को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने गांधी जी के स्वच्छता के सपने को जन-आंदोलन बनाया है। गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने घर, मोहल्ला और गंगा घाटों को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने घाट पर फैले कूड़ा-कचरा को हटाया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कुणाल सिंह सहित मंडल के अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
