सेवराई। तहसील क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित किसानों को शासन की ओर से अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई के क्रम में गुरुवार को तहसील सभागार सेवराई में 202 पात्र किसानों को फसल क्षति सहायता राशि का भुगतान किया गया। किसानों के खातों में कुल 9,49,729 रुपये की सहायता राशि भेजी गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बाढ़ से क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वेक्षण कर पात्र किसानों का सत्यापन कराया गया था। सत्यापन के बाद नियमानुसार सहायता राशि का भुगतान किया गया। इस दौरान किसानों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष पंकज राय, हसनपुरा के पूर्व ग्राम प्रधान दीनबंधु, साधोपुर उर्फ रामपुर के प्रधान प्रतिनिधि अजित राय, उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव, तहसीलदार सेवराई सुशील कुमार सिंह,नायब तहसीलदार पंकज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रशासन के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों तक शासन की राहत पहुंचाने के लिए कार्रवाई जारी है। शेष पात्र प्रभावित किसानों के मामलों में भी नियमानुसार सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
