जखनिया (गाजीपुर)। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी के सहयोग से सोमवार को आरएन कॉलेज, रामपुर बलभद्रा में युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 60 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को महात्मा गांधी के विचारों, स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और खादी के महत्व से परिचित कराना रहा।
विद्यार्थियों को खादी की पहचान, उपयोगिता तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने में खादी एवं ग्रामोद्योग की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शिवपूजन सेवा संस्थान के मंत्री बृजेश नाथ पाण्डेय के प्रतिनिधि सत्येंद्र पांडेय (रिशू), प्रधानाचार्य प्रिंस पाण्डेय, रामावतार यादव, लालसा पाण्डेय, दीपा सिंह, नीतू सिंह, नितिका सिंह, रम्भा यादव, नेहा गुप्ता, अर्चना गुप्ता, अविनाश गिरी, विपुल, प्रियांशु, देवानंद पाण्डेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वहीं ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी की पीएमसी टीम से विनय जी तथा कॉलेज के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद कर महात्मा गांधी के स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और खादी से जुड़े विचारों पर चर्चा की गई। छात्रों को स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने तथा दैनिक जीवन में खादी को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में शिवपूजन खादी सेवा संस्थान के सहयोग से खादी स्टॉल भी लगाया गया। स्टॉल पर विभिन्न खादी उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जहां विद्यार्थियों ने उत्पादों की विशेषताओं और उपयोगिता की जानकारी ली।
इस दौरान प्रतिभागियों ने खादी उत्पादों की खरीदारी भी की। कार्यक्रम के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा छात्र-छात्राओं को “हर दिल में खादी प्रतिज्ञा” दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वदेशी भावना को आगे बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में युवाओं से खादी अपनाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
