संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर। शहर के फुल्लनपुर बाईपास की बदहाल स्थिति इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से मार्ग की स्थिति और भी खराब हो गई है। कीचड़ और जलभराव के बीच आवागमन करना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
स्थानीय लोगों राहगीर युवा किसान सुनील, अभिषेक यादव एवं अन्य समाजसेवियों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क की तत्काल जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि बाईपास पर लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन बारिश के बाद समस्या और गंभीर हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने तथा छोटे-बड़े वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
सबसे गंभीर स्थिति उस समय उत्पन्न होती है जब किसी वाहन को गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा कीचड़ में तब्दील हो गया है, जिससे यातायात की रफ्तार प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
सरकार की ओर से समय-समय पर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन फुल्लनपुर बाईपास की तस्वीर इन दावों के धरातल पर क्रियान्वयन को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
अब देखने वाली बात यह है कि संबंधित विभाग इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक सड़क की मरम्मत कराता है। स्थानीय लोगों की मांग है कि केवल औपचारिक खानापूर्ति के बजाय सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराकर आवागमन को सुगम बनाया जाए।
