गाजीपुर। गोपीनाथ पीजी कॉलेज, देवली, सलामतपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस के लक्ष्य गीत के सामूहिक गायन से हुई। विद्यार्थियों ने लक्ष्य गीत के माध्यम से सेवा, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान एनएसएस के उद्देश्यों तथा समाज के प्रति स्वयंसेवकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजना तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से एनएसएस के माध्यम से समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जागरूकता अभियान एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। वहीं, महाविद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों से अपील की कि पौधरोपण के बाद उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी समझें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा के प्रति संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने एनएसएस स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को सेवा भावना के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ सुधा त्रिपाठी
डॉ अंजना तिवारी,डॉ चंद्रमणि पांडेय, डॉ गिरीश चंद्र, प्रतिमा पांडेय, अनिल राव, रणजीत यादव, नवनीत सिंह, अनीता पाल, चंद्रकेश दुबे,अंकित राय, के अलावा बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहीं।
