लंबित मांगों को लेकर तहसील परिसर में एकजुट हुए लेखपाल, शासन से शीघ्र निर्णय की मांग


मुहम्मदाबाद/गाजीपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के विरोध में मंगलवार को मुहम्मदाबाद तहसील परिसर में लेखपालों ने एकजुट होकर अतिरिक्त हल्कों का कार्य बहिष्कार किया। कार्य बहिष्कार के दौरान लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

लेखपाल संघ के पदाधिकारियों एवं वक्ताओं ने कहा कि अतिरिक्त हल्कों का कार्य लगातार बढ़ने से लेखपालों पर काम का अत्यधिक दबाव बढ़ रहा है। संघ की ओर से पूर्व में ही स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि यदि लंबित मांगों पर शासन स्तर से शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो अतिरिक्त हल्कों के कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। इसी क्रम में मंगलवार को मुहम्मदाबाद तहसील के लेखपालों ने अतिरिक्त हल्कों का कार्य नहीं करने का निर्णय लिया।

 

संघ ने बताया कि वर्ष 2019 में करीब 650 लेखपालों का अंतरमंडलीय स्थानांतरण किया गया था। इसके बावजूद स्थानांतरण से संबंधित कई प्रकरण अभी भी लंबित हैं। वर्तमान में बड़ी संख्या में लेखपाल अपने गृह जनपद एवं गृह मंडल में स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। संघ ने लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग की है।

लेखपालों की प्रमुख मांगों में चयन वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची तत्काल जारी करना, चयन वर्ष 2024 के नव नियुक्त लेखपालों की विभागीय परीक्षा का परिणाम एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्र शीघ्र घोषित करना तथा रिक्त पदों पर भर्ती बढ़ाना शामिल है।

इसके साथ ही लेखपालों को मूल कार्य के अतिरिक्त अन्य पटलों से अवमुक्त करने, ग्राम सचिवालयों में पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, सुरक्षा व्यवस्था एवं विभिन्न भत्तों में वृद्धि करने की मांग भी उठाई गई। संघ ने प्रारंभिक वेतनमान को पे-लेवल-5 (ग्रेड पे 2800) किए जाने तथा लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित किए जाने की मांग भी दोहराई।

वक्ताओं ने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और शासन की विभिन्न योजनाओं, राजस्व अभिलेखों के रखरखाव, विरासत नामांतरण, पैमाइश, आपदा प्रबंधन सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का दायित्व संभालते हैं। ऐसे में लगातार बढ़ते अतिरिक्त कार्यभार के बीच पर्याप्त संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

लेखपाल संघ ने शासन से लंबित मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेकर समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे भी जारी रखने के संबंध में संगठन स्तर पर निर्णय लिया जा सकता है।

इस अवसर पर संतोष राय, रविकांत सिंह, शैलेन्द्र यादव, प्रवीण कुशवाहा, वकील बिन्द, प्रिया गुप्ता, नीरज कुमार पटेल, निशांत पाठक, प्रतिमा कुशवाहा, प्रियंका कुशवाहा,अफसर अली, राजेंद्र गुप्ता, रामाश्रय यादव,शुभम सिंह, इत्यादि लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें