बहादुरगंज, गाजीपुर। स्थानीय कस्बा बहादुरगंज के मोहल्ला चौकद्वार, वार्ड नंबर 7 निवासी मकसूद अहमद पुत्र स्व. मोहम्मद का जर्जर मकान और झज्जा मंगलवार की सुबह करीब छह बजे भारी बारिश के कारण अचानक भरभरा कर गिर गया। मकान गिरने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि मकसूद अहमद का आठ वर्षीय पुत्र कैफ मलबे में दब गया, जिसे मोहल्ले के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मकसूद अहमद का मकान काफी पुराना और मिट्टी-गारे से बना हुआ था। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की हालत बेहद जर्जर हो गई थी। मंगलवार की सुबह मकसूद अहमद का परिवार घर के बाहरी हिस्से में सोया हुआ था। इसी दौरान अचानक जर्जर मकान का एक हिस्सा और झज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। संयोग से उस समय मोहल्ले के कुछ लोग पास स्थित कुएं पर बैठे हुए थे। शोर सुनते ही उन्होंने घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई और मलबे में दबे कैफ को बाहर निकाला।
पीड़ित मकसूद अहमद पेशे से बुनकर हैं और मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी अफसाना खातून भी बीमार रहती हैं। परिवार में तीन बच्चे जैद, कैफ और वैद हैं। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने के साथ-साथ रोजी-रोटी का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी योजना के तहत पक्का आवास दिलाने की गुहार लगाई है। परिवार को उम्मीद है कि प्रशासन इस कठिन परिस्थिति में उनकी मदद के लिए आगे आएगा।
