बहादुरगंज, गाजीपुर। नगर पंचायत बहादुरगंज में बुधवार की देर शाम नीलगाय के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद नगर में हड़कंप मच गया, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी वन विभाग और प्रशासन से नीलगायों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठने लगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत बहादुरगंज के वार्ड नंबर 8 निवासी रामभरोस साहनी उम्र 60 वर्ष नगर के महावीर घाट के पास अपने खेत में एक छोटा सा मकान बनाकर रहते थे। वह अपनी पत्नी के साथ खेत में साग-सब्जी उगाकर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार की देर शाम रामभरोस अपने खेत में पहुंचे नीलगाय को हांककर बाहर करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान नीलगाय अचानक भड़क गई और उसने रामभरोस पर सींग और पैरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
नीलगाय के हमले में रामभरोस गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में नाले में जा गिरे। शोर सुनकर उनकी पत्नी राजमती देवी मौके पर पहुंचीं और पति को घायल अवस्था में देखकर चीख-पुकार करने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और किसी तरह नीलगाय को वहां से भगाकर रामभरोस को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें खाट पर लिटाकर तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उन्हें मऊ के लिए रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग एंबुलेंस की मदद से रामभरोस को सदर अस्पताल मऊ लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए शव को पुलिस के सुपुर्द करने की सलाह दी। परिजन शव लेकर घर लौट आए और गुरुवार की सुबह कासिमाबाद थाने पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गाजीपुर भेज दिया।
थाना प्रभारी कासिमाबाद राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बाद में गाजीपुर घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
रामभरोस अपने पीछे पत्नी राजमती देवी और तीन पुत्रों—राधेश्याम साहनी, प्रकाश साहनी तथा सिकन्दर साहनी—को छोड़ गए हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से नीलगाय को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो।
