संवाददाता – गाजीपुर
भांवरकोल/गाजीपुर। खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह के रवैए को लेकर शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों के बीच उत्पन्न विवाद मंगलवार को और गहरा गया। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को अनुमति नहीं मिलने के कारण शिक्षक एवं शिक्षामित्रों ने बीआरसी परिसर के बाहर स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में धरना आयोजित कर विरोध दर्ज कराया।
धरना-प्रदर्शन में उपस्थित शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों ने खंड शिक्षा अधिकारी की कार्यप्रणाली पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनके विरुद्ध जमकर नाराजगी व्यक्त की।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि खंड शिक्षा अधिकारी शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों के साथ अमर्यादित व्यवहार करते हैं, विद्यालय में मात्र पांच मिनट की देरी से पहुंचने पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हैं, अनुपस्थित करने की धमकी देते हैं तथा अनुपस्थित न करने के बदले धन उगाही की मांग करते हैं।
धरने के उपरांत जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन में शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों ने खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह का स्थानांतरण किए जाने तथा उनके कार्यकाल में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में सुशील कुमार, अशोक कुमार राय, मुजम्मिल अंसारी, अंबिका राम, अशोक राय, संजय राय, राकेश राय, राम इकबाल सिंह कुशवाहा, कुमारी संगीता राय, सरस्वती देवी, सुनीता देवी, प्रतिमा राय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विंध्याचल पांडे ने तथा संचालन राहुल अग्रवाल ने किया। अंत में राकेश राय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
