बारा में जल निकासी व नाली निर्माण की मांग तेज, 15 दिन का अल्टीमेटम; कार्रवाई न हुई तो 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना


नेशनल इंसाफवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, ईदगाह-कब्रिस्तान मार्ग पर जलभराव से ग्रामीणों में आक्रोश….

 

सेवराई (गाजीपुर)। तहसील सेवराई क्षेत्र के ग्राम सभा बारा में ईदगाह एवं कब्रिस्तान जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से बनी जल निकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में नेशनल इंसाफवादी पार्टी (एनआईपी) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सेवराई को सौंपकर नाली निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरीद गाजी ने कहा कि ईदगाह एवं कब्रिस्तान तक जाने वाला मार्ग जलभराव के कारण बदहाल हो गया है। बारिश के दिनों में सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से ईद की नमाज, जनाजे और अन्य धार्मिक अवसरों पर लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है।

ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामीण कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। इससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

नेशनल इंसाफवादी पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि 15 दिनों के भीतर नाली निर्माण एवं जल निकासी का कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो 18 अगस्त 2026 से तहसील मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। पार्टी ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिल सके और ईदगाह-कब्रिस्तान मार्ग पर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें