सेवराई। जमानिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत तहसील मुख्यालय से गोड़सरा गांव को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और उनमें भरे गंदे पानी के कारण राहगीरों व वाहन चालकों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
यह मार्ग सेवराई तहसील मुख्यालय को गोड़सरा गांव के साथ-साथ धनाढ़ी, खजूरी सहित कई गांवों से जोड़ता है। इसी रास्ते से रेलवे स्टेशन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के दर्जनों शिक्षण संस्थानों तक भी लोगों का आना-जाना होता है। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे इसी मार्ग से गुजरते हैं।
गोड़सरा निवासी कल्लू खान ने बताया कि सेवराई जीप स्टैंड के पास सड़क के बीच बने गहरे गड्ढों में आसपास की नालियों का गंदा पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी दिखाई देती है। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और आए दिन फिसलने व दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासी तबरेज खान ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना दर्जनों विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं तथा रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री गुजरते हैं। कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि आसपास की नालियों के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था कर दी जाए और सड़क की मरम्मत करा दी जाए तो जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क की मरम्मत एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
