सेवराई। तहसील क्षेत्र के सरैला रोड स्थित फल एवं सब्जी मंडी के व्यापारियों ने मंडी को कृषि उत्पादन मंडी परिसर में स्थानांतरित किए जाने की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में फल-सब्जी व्यवसाई समिति के बैनर तले दर्जनों व्यापारियों ने मंगलवार को एसडीएम सेवराई को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
समिति के अध्यक्ष नूर मोहम्मद के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि वर्तमान में फल एवं सब्जी मंडी घनी आबादी के बीच संचालित हो रही है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों के संचालन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में आने वाले बड़े वाहनों से माल की ढुलाई और दुकानों तक आपूर्ति करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।
फल कारोबारी इरशाद राईनी ने बताया कि मंडी तक पहुंचने वाले ट्रक, डीसीएम और पिकअप वाहनों को संकरी सड़कों एवं भीड़भाड़ के कारण खड़ा करने में भारी परेशानी होती है। इसके चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और व्यापार प्रभावित होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन खड़े करने और माल उतारने को लेकर स्थानीय लोगों के साथ अक्सर विवाद, कहासुनी और अभद्र व्यवहार की घटनाएं भी होती रहती हैं, जिससे व्यापारी मानसिक तनाव में रहते हैं।
व्यापारियों का कहना है कि यदि मंडी को कृषि उत्पादन मंडी परिसर में स्थानांतरित कर दिया जाए तो वहां पर्याप्त स्थान उपलब्ध होने के कारण व्यापार सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा तथा आम लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
व्यापारियों की इस मांग को नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, दिलदारनगर इकाई के अध्यक्ष गोपाल वर्मा ने भी समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसका समाधान जनहित में आवश्यक है।
इस संबंध में एसडीएम सेवराई संजय यादव ने बताया कि व्यापारियों की मांग को गंभीरता से लिया गया है। मामले में शासन को पत्राचार किया जा रहा है तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
