गाजीपुर। राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन बंजारीपुर में मंगलवार को निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग तथा नया सवेरा फाउंडेशन, गाजीपुर के सौजन्य से आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित 47 मरीजों का चयन कर उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए वाराणसी भेजा गया।
शिविर में अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की आंखों की विस्तृत जांच की। मोतियाबिंद से प्रभावित पाए गए मरीजों को उसी दिन बस एवं कार के माध्यम से आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, माधोपुर, वाराणसी भेजा गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार, लेंस प्रत्यारोपण के साथ ऑपरेशन तथा भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है और इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने आयोजकों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की आवश्यकता बताई।
आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के क्षेत्रीय समन्वयक चंदन कुमार ने बताया कि उनका संस्थान देशभर में अंधत्व उन्मूलन के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना संस्था का मुख्य उद्देश्य है और इसी लक्ष्य के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से जांच एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जाते हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता शाहनवाज सिद्दीकी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश देते हैं। नारी संघ की अध्यक्ष तारा देवी ने कहा कि गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा नेत्र जांच की सुविधा मिलना ग्रामीणों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र को संबोधित करते हुए गुलशन कुमार ने आंखों की नियमित जांच, स्वच्छता और उचित देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं रामाशीष यादव ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
क्लाइमेट वॉरियर लीडर हैदर अली ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए इस तरह के प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए। नया सवेरा फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. नज़मुस्साक़िब अब्बासी नदवी ने कहा कि स्वस्थ आंखें व्यक्ति के जीवन की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सुरक्षा के लिए समय-समय पर जांच कराना आवश्यक है। फाउंडेशन के प्रबंधक तारिक नसीम अब्बासी ने भी लोगों से नेत्र संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और नियमित परीक्षण कराने की अपील की।
शिविर के समापन पर ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए आयोजकों एवं चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। यह शिविर न केवल मरीजों के उपचार का माध्यम बना, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण साबित हुआ।
