सेवराई। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को भदौरा ब्लॉक परिसर में तीन दिवसीय जन कल्याण मेला, स्वास्थ्य शिविर एवं आरोग्य मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, सौर ऊर्जा, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा अनेक जनहितकारी एवं विकासपरक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने लोगों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी भदौरा के.के. सिंह, एडीओ आईएसबी जगदीश केसरी, समाज कल्याण अधिकारी दिव्यांश राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह सिकरवार, एडीओ पंचायत सुरेश प्रसाद, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंत्रराज यादव, संतोष सिंह, अशोक सिंह, श्रीप्रकाश, मुख्य सेविका रिचा, अंजलि, नेहा, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह पटेल, कृषि विभाग के वीरेंद्र प्रताप सिंह, रविंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
भदौरा ब्लॉक परिसर में तीन दिवसीय जन कल्याण, स्वास्थ्य एवं आरोग्य मेले का शुभारंभ
