बहादुरगंज/गाज़ीपुर। कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बंका ग्राम सभा के लमुही मौजा निवासी एक नवयुवक की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंका ग्राम सभा के लमुही मौजा निवासी सूरज साहनी उर्फ गोलू साहनी (लगभग 25 वर्ष) पुत्र विजय बहादुर साहनी उर्फ नेपाली प्रतिदिन की भांति ताड़ी उतारने के लिए जनपद मऊ के थाना सरायलखंसी क्षेत्र अंतर्गत रकौली गांव गया हुआ था। बताया जाता है कि वह ताड़ के पेड़ पर चढ़कर ताड़ी निकाल रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम की स्थिति को देखते हुए गोलू ताड़ के पेड़ से नीचे उतर आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वह पेड़ से उतरकर कुछ दूरी पर पहुंचा, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया। बिजली लगते ही गोलू अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे तथा गंभीर रूप से घायल गोलू को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से मऊ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की माता पूनम देवी और पत्नी सुमन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के करुण क्रंदन से अस्पताल परिसर और गांव का माहौल गमगीन हो गया। गांव के लोग मृतक के दो मासूम बच्चों को देखकर भावुक हो उठे। गोलू अपने पीछे तीन माह का पुत्र रॉकी तथा दो वर्ष का पुत्र रोहन छोड़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब इन मासूम बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी परिवार पर आ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि गोलू की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। वह मेहनत-मजदूरी और ताड़ी निकालकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अपने सरल स्वभाव और मेहनती व्यक्तित्व के कारण वह गांव में काफी लोकप्रिय था। उसकी असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
गोलू अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बच्चों, माता-पिता तथा भाई-बहनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ सहारा मिल सके।
