मऊ। राष्ट्रीय प्रवक्ता त्रिलोकी नाथ राय ने बताया कि जनपद मऊ के भुजौटी स्थित नारायण पैलेस का प्रांगण उस समय भूदेव समाज की एकता, उत्साह और संगठनात्मक शक्ति का साक्षी बना, जब ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन जनपद मऊ द्वारा जिला कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले सहित पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से आए समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं संगठन पदाधिकारियों की भारी उपस्थिति ने समारोह को ऐतिहासिक बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके उपरांत मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “भूदेव समाज एकता जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संगठन के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र कुमार राय ‘बब्लू’ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए कहा कि ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन केवल एक संगठन नहीं बल्कि समाज के मान-सम्मान, शिक्षा, युवाओं के उत्थान और सामाजिक जागरूकता का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और संगठन निरंतर समाजहित में कार्य करता रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि आज ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश में तेजी से विस्तार कर रहा है। समाज के युवाओं में संगठन के प्रति बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि आने वाले समय में यह संगठन समाज के लिए नई दिशा तय करेगा। जिला संरक्षक मंडल से पूर्व शासकीय अधिवक्ता एडवोकेट देवेश राय ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि समाज को शिक्षा, संस्कार और संगठन के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। वहीं डा० सत्यानंद राय एवं डॉ० राहुल राय ने सामाजिक समरसता, युवा जागरूकता और समाज सेवा को संगठन का मुख्य उद्देश्य बताया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष आशीष कुमार राय ने सभी आगंतुक अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद मऊ की नई जिला कार्यकारिणी समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। समारोह में जिला उपाध्यक्ष दिनेश राय, हेमन्त राय, बलिया से पधारे जगन्नाथ तिवारी एवं जयराम ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन की मजबूती के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर गाजीपुर जनपद से जिला उपाध्यक्ष पवन राय, समीर राय, कालेश्वर राय, राणा प्रताप राय, विनोद राय, अखिलेश राय, सर्वेश राय, भूपेन्द्र राय, पूजा राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने समाजहित, संगठन विस्तार एवं युवा जागरूकता के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। भव्य आयोजन, अनुशासित व्यवस्था एवं भारी जनसहभागिता ने यह साबित कर दिया कि ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन आज समाज के बीच एक मजबूत और प्रभावशाली संगठन के रूप में तेजी से उभर रहा है।
