भांवरकोल/गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के ग्राम बाठा में लगा 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से करीब 150 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का बुरा हाल है। गांव में पंखे, कूलर और पानी की मोटरें बंद पड़ी हैं, जिससे पेयजल संकट भी गहराने लगा है। लू और गर्म हवाओं के कारण दिन-रात लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद कई बार संबंधित जेई और विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड से मांग की है कि जल्द से जल्द नया 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
