लोक अधिकार की खबर का बड़ा असर : नंदगंज बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, मैंगो जूस समेत पेय पदार्थों की जांच


नंदगंज (गाजीपुर)। कुछ माह पूर्व लोक अधिकार अखबार में प्रकाशित खबर का असर आखिरकार सोमवार को देखने को मिला, जब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नंदगंज बाजार में बिक रहे मैंगो जूस और अन्य पेय पदार्थों की सघन जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर साफ-सफाई करते नजर आए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डी.सी. गुप्ता के निर्देशन में पहुंची टीम ने बाजार की कई दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खुले में रखे पेय पदार्थों, पैक्ड जूस तथा अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डी.सी. गुप्ता ने बताया कि मिलावटी एवं मानक विहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बिना लाइसेंस कारोबार कर रहे दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द खाद्य लाइसेंस बनवा लें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

अचानक हुई जांच से पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई दुकानदार अपनी दुकानों की सफाई और सामान व्यवस्थित करने में जुट गए। वहीं विभाग की इस कार्रवाई से आम लोगों और उपभोक्ताओं में संतोष देखने को मिला। लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य और बच्चों की सेहत को देखते हुए इस तरह की कार्रवाई लगातार होनी चाहिए ताकि बाजार में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन गिरी, अवधेश कुमार और वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें