मुहम्मदाबाद। जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील मुहम्मदाबाद सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण कराया। मुहम्मदाबाद तहसील में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। वहीं जनपद की सभी सातों तहसीलों में कुल 404 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 43 मामलों का मौके पर समाधान किया गया। अन्य तहसीलों की बात करें तो सदर तहसील में 65 शिकायतों में से 7, जखनियां में 82 में से 5, सेवराई में 38 में से 4, जमानियां में 56 में से 5, सैदपुर में 33 में से 2 तथा कासिमाबाद में 42 में से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर जमीनी एवं पारिवारिक विवादों को गांव स्तर पर ही सुलझाने के निर्देश दिए। डीएम ने लेखपालों को सख्त हिदायत दी कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जमीन, रास्ता और खेत की नापी जैसे मामलों का समाधान पहले ग्राम प्रधान और तहसील स्तर पर कराने का प्रयास करें। इस अवसर पर परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुहम्मदाबाद में सम्पूर्ण समाधान दिवस, 88 शिकायतों में 15 का मौके पर निस्तारण
