सेवराई। गाजीपुर जिले के सेवराई तहसील क्षेत्र अंतर्गत संतराम गंज बाजार व आसपास के इलाकों में बुधवार को मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला कि दिन में ही अंधेरा छा गया। तेज आंधी, तूफान और बारिश के चलते लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सर्दियों के बाद पहली बार क्षेत्र में इतना तेज तूफान देखने को मिला, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
तेज हवाओं के कारण भदौरा-दिलदारनगर मुख्य नहर मार्ग पर फरीदपुर गांव के समीप नहर किनारे लगा एक बड़ा पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से मार्ग को आंशिक रूप से बहाल कराया गया।
अचानक बदले मौसम से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। तेज बारिश और आंधी के कारण खलिहानों में रखी गेहूं व अन्य फसलें भीग गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा तो तैयार फसलें खराब हो सकती हैं।
मौसम के इस अचानक बदलाव ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया। लोगों ने इसे कुदरत का कहर बताते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
