नंदगंज(गाजीपुर ) नंदगंज स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने गुरुवार को लोगों से अपील करते हुए कहा कि बदलते मौसम और बढ़ती धूल-धक्कड़ के बीच सभी को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी लोग मास्क का उपयोग करें, ताकि धूल और संक्रमण से बचाव हो सके।
डॉ. पंकज कुमार ने खासतौर पर बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहनाएं और उन्हें धूल भरे वातावरण से दूर रखें। उन्होंने बताया कि इन दिनों कई लोगों में नाक जाम होने और सांस से जुड़ी समस्याएं देखने को मिल रही हैं, जो मुख्यतः धूल और बदलते मौसम के कारण हो रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यदि किसी को भी इस प्रकार की परेशानी हो, तो उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर डॉक्टर से परामर्श लें। समय पर इलाज और सावधानी बरतने से बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है।
डॉ. पंकज कुमार ने अंत में लोगों से अपील की कि वे खुद भी जागरूक रहें और अपने आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य के प्रति सचेत करें, ताकि सभी सुरक्षित और स्वस्थ रह सकें।
