फर्जी दवा कंपनियों से सावधान: पुनीत कुमार सिंघल ने व्यापारियों को किया जागरूक


आबिद शमीम


नंदगंज (गाज़ीपुर नंदगंज क्षेत्र में दवा व्यापारियों और केमिस्टों को बढ़ते फर्जीवाड़े से सतर्क रहने की सलाह देते हुए रिटेल केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन मंत्री पुनीत कुमार सिंघल ने एक महत्वपूर्ण जागरूकता संदेश जारी किया है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा समेत कई राज्यों से कुछ फर्जी कंपनियां “मार्केटिंग फर्म” या “WHO-GMP मैन्युफैक्चरर” के नाम पर व्यापारियों को धोखा दे रही हैं। ये कंपनियां फोन के माध्यम से संपर्क कर ब्रांडेड दवा निर्माण का झांसा देती हैं और एडवांस भुगतान लेकर नकली या घटिया गुणवत्ता की दवाएं सप्लाई कर देती हैं।

सिंघल ने चेतावनी दी कि कई मामलों में एक ही बैच नंबर का बिल कई फर्मों को जारी किया जाता है। जब मामला पकड़ा जाता है, तो कंपनियां जिम्मेदारी से बचने के लिए व्यापारियों पर ही आरोप लगा देती हैं, जिससे निर्दोष व्यापारी भी कानूनी कार्रवाई में फंस सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की धोखाधड़ी से न केवल व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि मरीजों की सेहत और जान को भी गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत ऐसी स्थिति में मार्केटिंग फर्म संचालकों पर भी आपराधिक मुकदमा दर्ज हो सकता है।

बचाव के लिए जरूरी सावधानियां

पुनीत कुमार सिंघल ने व्यापारियों को कुछ अहम सुझाव भी दिए—

बिना प्लांट विजिट किए किसी भी कंपनी को एडवांस भुगतान न करें।

ड्रग लाइसेंस और WHO-GMP सर्टिफिकेट की आधिकारिक वेबसाइट पर जांच जरूर करें।

दवाओं के बैच नंबर, टेस्ट रिपोर्ट और कच्चे माल के बिल का मिलान करें।

अत्यधिक सस्ते रेट के लालच से बचें, यह धोखाधड़ी का संकेत हो सकता है।

थर्ड पार्टी मैन्युफैक्चरिंग के लिए स्पष्ट एग्रीमेंट करें और गुणवत्ता की जिम्मेदारी तय करें।

अंत में उन्होंने सभी दवा व्यापारियों से अपील की कि वे सतर्क रहें, पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही व्यापारिक निर्णय लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग को दें।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें