मोहम्मदाबाद। राजापुर स्थित ऐतिहासिक सिद्धपीठ गोरील बाबा धाम में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान भगवान परशुराम की जयंती श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाई गई। मंदिर प्रांगण में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम की प्रतिमा का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरि नारायण राय ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम शास्त्र और शस्त्र दोनों के अद्भुत संगम के प्रतीक हैं। उनके आदर्श हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और धर्म की रक्षा करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अभिषेक राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं राजापुर निवासी मृत्युंजय राय ने भगवान परशुराम के चरणों में पुष्प अर्पित कर समाज को एकजुट रहने और उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम केवल एक समाज के नहीं बल्कि पूरी मानवता के रक्षक हैं। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से धैर्य, पराक्रम और न्याय के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
पूजन-अर्चन के बाद मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। “जय श्री परशुराम” के नारों से पूरा गोरील बाबा धाम परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमुख रूप से राजेंद्र त्रिपाठी, नित्यानंद त्रिपाठी, अरविंद राय, आनंद राय, मनीष कुमार राय, नागेंद्र राय, प्रांशु राय, तेज नारायण राय, किशन राय, ओम नारायण राय तथा राकेश सिंह यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम से समाज में सुख-समृद्धि, शांति और न्याय की कामना की।
