सोनू अहमद लोक अधिकार शादियाबाद , गाजीपुर। शादियाबाद थाना के एक गांव में गुरुवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब छत्तीसगढ़ से आया एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने प्रेमिका को बुलाने की मांग करते हुए टावर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। टावर पर चढ़े युवक ने ऊपर से एक चिट्ठी लिखकर नीचे फेंकी, जिसमें उसने लिखा कि उसकी प्रेमिका इसी गांव में रहती है और जब तक वह नहीं आएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक की प्रेमिका का पता लगाकर उससे बात कराई। इसके बाद युवक टावर से नीचे उतरने को राजी हुआ।
पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने लाई। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान संजीत साव, निवासी वार्ड संख्या तीन, थाना वीरगांव, जनपद रायपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। वहीं इस घटना को लेकर क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।
