सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता, छात्रा मदीहा ने हासिल किया 97.6% अंक
दिलदारनगर।(गाजीपुर) सेवराई तहसील क्षेत्र के सनबीम स्कूल, देहवल दिलदारनगर के विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं की घोषित परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम पूरे क्षेत्र में रोशन कर दिया है। इस वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जिसने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को एक बार फिर साबित कर दिया।
विद्यालय में प्रथम स्थान छात्रा मदीहा ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर सभी को चौंका दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने सामाजिक विज्ञान विषय में शत-प्रतिशत (100%) अंक प्राप्त किए। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ सनबीम स्कूल परिवार बल्कि पूरे दिलदारनगर व आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक साह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा, “यह परिणाम विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के अथक मार्गदर्शन और अभिभावकों के पूर्ण सहयोग का सुंदर परिणाम है। हमारा विद्यालय हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और यह परिणाम उसी की मिसाल है।”
सनबीम स्कूल परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और आगे की शिक्षा के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
यह उपलब्धि दिलदारनगर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है, जो साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतरीन शिक्षा और मेहनत से शानदार परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
