पलिया में शराब की दुकान के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन, बोले हमें शराब नहीं शिक्षा और खेल का मैदान चाहिए


गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के पलिया गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। बुधवार को कम्पोजिट विद्यालय पलिया बुजुर्ग के छात्रों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन से गांव में शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव को तुरंत निरस्त करने की मांग की।

 

हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए छात्रों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि उन्हें गांव में शराब की दुकान नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा और खेल का मैदान चाहिए। छात्रों ने जिलाधिकारी अविनाश कुमार से अपील करते हुए कहा कि गांव का माहौल पढ़ाई और खेल के अनुकूल बनाया जाए, न कि ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो। छात्रों के इस विरोध को गांव के अभिभावकों और ग्रामीणों का भी समर्थन मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और बच्चों की मांग को जायज बताते हुए प्रशासन से शराब की दुकान का प्रस्ताव वापस लेने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण खराब होगा और युवाओं में गलत संदेश जाएगा। विरोध कर रही महिलाओं में नगीना देवी, सीमा देवी, कुसुम और संजु ने कहा कि पलिया जैसे शांत गांव में शराब की दुकान खुलने से परिवारों और समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो सकता है और गांव में विवाद व असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया तो गांव के लोग बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए शिक्षा और खेल की सुविधाएं जरूरी हैं, इसलिए शराब की दुकान खोलने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें