शाहपुर में 56.74 फीसदी हुआ मतदान
दोहरीघाट- त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत बुधवार को दोहरीघाट ब्लॉक के ग्राम पंचायत शाहपुर में प्रधान पद पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। कुल 56.74 प्रतिशत वोट पड़े। प्रधान पद के लिए मैदान में उतरे दोनों प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिकाओं में बंद हो गया है। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को विकास खंड कार्यालय में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया। सुरक्षा के लिए मतदेयस्थल पर भारी फोर्स तैनात रही। सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहकर नजर रखे हुए थे।
ब्लॉक क्षेत्र के शाहपुर ग्राम पंचायत में कुल एक हजार 91 मतदाताओं के वोट डालने के लिए कम्पोजिट विद्यालय मतदान केंद्र पर दो मतदेय स्थल 237 और 237 बनाए गए थे। मतदान को लेकर सुबह से ही ग्राम पंचायत में सरगर्मी तेज रही। वोट डालने के लिए सुबह ही लोग घरों से निकलकर मतदेय स्थलों पर पहुंचने लगे थे। ग्राम प्रधान पद के उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। सकुशल मतदान के बाद मतपेटिकाओं को मतदान कर्मियों ने विकास खंड कार्यालय में पहुंचकर जमा करा दिया। इसके बाद दोनों मतपेटिकाओं को स्ट्रांगरूम में सुरक्षित रखवा दिया गया। अब दोनों प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिकाओं में बंद हो गया है। निर्वाचन अधिकारी सोमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के तहत शाहपुर ग्राम प्रधान पद पर कुल 56.74 प्रतिशत वोटिंग हुई। कुल 619 लोगों ने मतदान किया। मतगणना 21 फरवरी को सुबह आठ बजे से ब्लाक मुख्यायलय पर कराई जाएगी।