कुशीनगर । शासन ने अवैध खनन से जुड़े मामलों में गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के चलते कुशीनगर के जिला खनन अधिकारी अभिषेक सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
जारी प्रेस नोट के अनुसार विभागीय पोर्टल की समीक्षा एवं जिलाधिकारी कुशीनगर तथा संयुक्त खान अधिकारी/प्रभारी कमांड सेंटर मुख्यालय की जांच में सामने आया कि अवैध खनिज परिवहन से संबंधित कई चालानों एवं नोटिसों को बिना किसी वैध आधार एवं पर्याप्त साक्ष्य के निरस्त कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में इससे शासन को राजस्व की क्षति होने तथा वित्तीय अनियमितता की आशंका व्यक्त की गई है।
जांच में प्रथम दृष्टया यह भी पाया गया कि संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर सके तथा संदिग्ध कार्यप्रणाली के संकेत मिले। इन तथ्यों के आधा

र पर शासन ने अभिषेक सिंह को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
प्रेस नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रकरण में शासन को हुई संभावित वित्तीय क्षति की नियमानुसार वसूली कराने के निर्देश जिलाधिकारी कुशीनगर को दिए गए हैं। शासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन एवं उससे जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
