गाजीपुर। मुहम्मदाबाद क्षेत्र में आगामी चैत्र नवरात्र को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। यह पर्व गुरुवार से प्रारंभ हो रहा है, जिसके मद्देनजर मंदिरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
नगर के यूसुफपुर स्थित महाकाली मंदिर, तहसील परिसर के मां मनोकामना देवी मंदिर और करीमुद्दीनपुर के मां कष्टहरणी भवानी मंदिर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो सके।
करीमुद्दीनपुर स्थित मां कष्टहरणी भवानी मंदिर के बाहर दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं। यह मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र माना जाता है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिरों में प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। मुकेश प्रजापति, पुजारी महाकाली मंदिर यूसुफपुर ने बताया कि नवरात्र के दौरान प्रतिदिन शाम को लोकगीत कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। साथ ही माता महाकाली का भव्य श्रृंगार भी प्रतिदिन किया जाएगा।
मंदिर समितियां और स्थानीय लोग श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।
