गाजीपुर। जनपद के करंडा थाना क्षेत्र के चांड़ीपुर गांव में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चांड़ीपुर गांव के निवासी आस मोहम्मद का अपने ही गांव के एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने लाइसेंसी असलहे से आस मोहम्मद पर फायरिंग कर दी। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना करंडा में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि-
“कुछ नामजद अभियुक्तों और अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना में शामिल सभी वास्तविक आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
