नंदगंज(गाज़ीपुर) 1फरवरी।हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रविवार को सेंट जॉन्स स्कूल, तुलसीपुर, गाज़ीपुर में वार्षिक फेट का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर आनंद के कुशल नेतृत्व एवं देखरेख में संपन्न हुआ। फेट को लेकर विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
फेट में विद्यार्थियों, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं द्वारा कुल 68 आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन, मनोरंजक खेल, मैजिक गेम्स, खिलौने तथा झूले मौजूद थे। बच्चे अपने माता-पिता के साथ कूपन लेकर स्टॉलों पर पहुँचे और जमकर आनंद उठाया।
विद्यार्थियों ने अपने सहपाठियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर पहुँचकर खेल खेले और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद लिया। खेलों और मनोरंजन के साथ-साथ फेट ने बच्चों में आपसी सहयोग और टीमवर्क की भावना को भी बढ़ावा दिया।
पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे फेट का माहौल और भी जीवंत बन गया। फेट के सुचारु संचालन के लिए विद्यालय का समस्त स्टाफ पूरी तत्परता के साथ व्यवस्थाओं में लगा रहा।
अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा आयोजित इस फेट की सराहना की और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजनों को उपयोगी बताया।
