मुठभेड़ में रेप के दो आरोपी घायल, सादात पुलिस ने 12 घंटे में किया केस का खुलासा


“सादात पुलिस ने सवास मोड़ के पास की घेराबंदी, जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, अवैध असलहे बरामद”


गाजीपुर (सादात)। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सादात पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने बलात्कार की घटना में शामिल दो शातिर अपराधियों को घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी सादात में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, थानाध्यक्ष सादात वागीश विक्रम सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सादात स्टेशन के पास खंडहर में दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले अपराधी मौजूद हैं और किसी नई वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सवास मोड़ के पास घेराबंदी शुरू कर दी।

खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ संतुलित जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली जा लगी और वे घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें हिरासत में ले लिया।

मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान राहुल भरद्वाज 25 वर्ष निवासी कस्बा सादात और अरून यादव 24 वर्ष निवासी ग्राम मरदापुर, सादात के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध तमंचा (.315 बोर), दो खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

अपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त राहुल भरद्वाज पर पहले से भी सादात थाने में मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज है। वहीं, ताज़ा मामले में दोनों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहना

इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष सादात वागीश विक्रम सिंह कर रहे थे। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें