संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर। स्थानीय तहसील अंतर्गत मुहम्मदाबाद सिविल बार एसोसिएशन के वर्ष 2026 के लिए पदाधिकारियों का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव परिणामों में अध्यक्ष पद पर अधिवक्ता सुभाषचंद्र सिंह यादव और सचिव पद पर सौरभ सहाय ने जीत दर्ज की।
इससे पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर श्यामा पांडेय, सह सचिव पद पर शिवानंद सिंह यादव तथा कोषाध्यक्ष पद पर शेख इरशाद आलम मेंहदी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए थे।
अध्यक्ष और सचिव पद के लिए मंगलवार को मतदान कराया गया। अध्यक्ष पद पर सुभाषचंद्र सिंह यादव और शिवकुमार यादव के बीच सीधा मुकाबला था, जबकि सचिव पद पर अजय कुमार राय और सौरभ सहाय आमने-सामने थे। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसके बाद चुनाव अधिकारी सच्चिदानंद राय की देखरेख में मतगणना कराई गई।
कुल 296 मतदाताओं में से 276 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों पदों पर तीन-तीन मत अवैध घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर सुभाषचंद्र सिंह यादव को 177 मत प्राप्त हुए, जबकि शिवकुमार यादव को 96 मत मिले। इस प्रकार सुभाषचंद्र सिंह यादव ने 81 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं सचिव पद पर सौरभ सहाय ने अपने प्रतिद्वंदी को 87 मतों से पराजित कर विजय हासिल की।
परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने बधाई दी और बार एसोसिएशन के हित में मजबूती से कार्य करने की अपेक्षा जताई।
